युवा महोत्सव के दौरान बाल विवाह रोकथाम को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 

जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के उद्देश्य से युवाओं और विद्यार्थियों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा ने कहा कि समाज में इस कुप्रथा की रोकथाम के लिए सतर्कता और सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। वे युवा महोत्सव 2025 के दौरान आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

जिला कलक्टर आलोक रंजन के निर्देशानुसार जिले में संचालित बाल विवाह मुक्त भारत – 100 दिवसीय अभियान के अंतर्गत शिक्षा विभाग द्वारा यह कार्यक्रम शहीद मेजर नटवर सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के सभागार में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सीडीईओ प्रमोद दशोरा ने बाल विवाह के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि समय रहते सूचना मिलने पर प्रभावी कार्रवाई संभव हो पाती है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया तथा उपस्थित प्रतिभागियों को बाल विवाह निषेध की शपथ भी दिलाई।

इस अवसर पर सहायक निदेशक, बाल अधिकारिता विभाग ओम प्रकाश तोषनीवाल ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, बाल विवाह के दुष्परिणामों तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की कार्यप्रणाली की जानकारी दी।

कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर त्रिपाठी, संस्था प्रधान ओम प्रकाश छीपा, कार्यक्रम संयोजक अनुराधा आर्य सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार साझा किए। साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन, सामाजिक संस्थाओं एवं शिक्षा विभाग से जुड़े प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को सामाजिक जागरूकता एवं जिम्मेदारी के प्रति प्रेरित करने का प्रयास किया गया।